पिथौरागढ़ में आईटीबीपी और एसएसबी के अफसरों के साथ बैठक करते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने धारचूला विधानसभा क्षेत्र के बर्फबारी वाले मतदान केंद्रों को जाने वाली पोलिंग पार्टियों की मदद के लिए आईटीबीपी और एसएसबी से मदद मांगी है। बताया गया कि 31 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पर बर्फबारी की संभावना रहती है।
शनिवार को एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ बैठक में डा. सिन्हा ने कहा कि दूरस्थ इलाकों की पोलिंग पार्टी दो या तीन दिन पहले रवाना होगी। इन मतदान केंद्रों में 248 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। बर्फबारी के कारण रास्ता बंद होने की दशा में इन कर्मचारियों की मदद के लिए अर्धसैनिक बलों के जवान उपलब्ध रहेंगे। जवान रेस्क्यू भी करेंगे और जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को सामग्री भी उपलब्ध कराएंगे। आईटीबीपी 36वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद सिंह यर्सो ने आश्वस्त किया कि 100 कर्मचारियों के लिए स्लीपिंग बैग की व्यवस्था रहेगी।
आईटीबीपी 14वीं और सातवीं वाहिनी के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी कर्मचारी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, सीडीओ आशीष चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर, आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट मनीष कुमार, बांके बिहारी, सीओ हिमांशु साह, सहायक राज्य रेडियो अधिकारी बीबी तिवारी आदि थे।