पिथौरागढ़। आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि पुलिस स्कूलों में आत्मरक्षा के लिए अभियान चलाएगी। छात्राओं और युवतियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने जरूरी हैं। आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे बुधवार को रामलीला मैदान में पुलिस की ओर से आयोजित जन जागरूकता शिविर में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।
आईजी ने कहा कि छोटी उम्र से बच्चों मोबाइल की लत लग रही है। मोबाइल एडिक्शन बच्चों की लाइफ स्टाइल, कामकाज, पढ़ाई, सामाजिक कार्यों को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे बड़ों से बात नहीं करते, खेलते नहीं, घूमने नहीं जाते। बच्चों को मोबाइल का प्रयोग अच्छे ज्ञान की सीख के लिए करना चाहिए।
उन्होंने बच्चों से भटकाने वाले दोस्तों से दूर रहने, अच्छे लोगों से जुड़ने, नशा नहीं करने, बालिग होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर वाहन का इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर आप बचपन से किताब, खेल, सामाजिक कार्यों से जुड़े रहेंगे तो आपको भविष्य में हर चीज मिल सकती है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने, मोबाइल का प्रयोग संभल कर करने की अपील की।
छात्राओं के सवाल
-अंशिका ने कहा कि शाम होते ही बाहर निकलने में दिक्कतें होती है। आईजी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिला सेफ जिला है। अगर वह कभी भी असुरक्षा महसूस करती हैं तो गौरा शक्ति एप के माध्यम से पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
-एक अन्य छात्रा ने कहा कि पौड़ी में अंकिता हत्याकांड के बाद छात्राएं सहमी हुई हैं। आईजी ने कहा कि सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। न्यू बीयरशिबा पब्लिक स्कूल की वेदिका खनका सहित कई अन्य छात्र-छात्राओं ने आईजी से सवाल किए। इसके बाद आईजी ने पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने पुलिस लाइन में खेलकूद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
नया ट्रैफिक सख्ती से लागू होगा
पिथौरागढ़। आईजी ने पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में कहा कि नये साल को लेकर पर्यटक स्थलों में पर्यटक आने लगे हैं जिन स्थानों पर ज्यादा पर्यटक आते हैं उन स्थानों पर सख्ती से ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। 31 दिसंबर और नए साल के जश्न को लेकर पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि गैंग बनाकर साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा।