डीडीहाट में एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
थाना पुलिस ने अकेले रहने वाले बुजुर्गों के चिन्हीकरण का अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक थाना क्षेत्र में कुल ऐसे 52 बुजुर्गों का चिन्हीकरण हुआ है, जो घर पर अकेले रहते हैं। ऐसे बुजुर्गों के मन में किसी प्रकार की असुरक्षा का भाव न रहे, इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा ने बताया कि ऐसे बुजुर्गों को बीमारी के समय अस्पताल पहुंचाने में पुलिस मदद करेगी। इसके अलावा यदि बुजुर्गों को अन्य किसी प्रकार की जरूरत होगी तो पुलिस मौके पर पहुंचकर उस जरूरत को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हर नगर और कस्बे में चिन्हीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। अभी यह अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने बुजुर्गों को अपने फोन नंबर दिए हैं तथा आसपास के लोगों को भी यह नंबर देकर कहा है कि यदि बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी हो तो थाने में सूचना दें। उधर, एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों को बुजुर्गों के चिन्हीकरण की जिम्मेदारी दे रखी है। अन्य थानों में भी इसी तरह चिन्हीकरण होगा।