पिथौरागढ़। पुलिस ने गंगोलीहाट में एक नाबालिग की शादी रुकवा दी। पुलिस को सूचना मिली कि हाट कालिका मंदिर में एक नाबालिग की शादी की तैयारियां चल रही हैं। थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी की टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की तो दूल्हे की उम्र 20 वर्ष और दुल्हन की उम्र 16 वर्ष मिली। इस पर उन्होंने शादी रुकवा दी। उन्होंने दोनों पक्षों को बाल विवाह कानून की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कानून की जानकारी नहीं होने और दोनों के बालिग होने पर ही विवाह करने की बात कही। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नरेंद्र पाठक, हेड कांस्टेबल देश दीपक सिंह, महिला आरक्षी ज्योति कपकोटी, रवि कुमार, मनीष चंद्र शामिल रहे। संवाद