गंगोलीहाट में एक महीने बाद रसोई गैस वाहन पहुंचे तो गैस लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सिलेंडरों की संख्या थी 350, पहुंच गए करीब 500 लोग। अफरा-तफरी मची तो पुलिस सुरक्षा में रसोई गैस बटवानी पड़ी। 150 लोग बगैर गैस लिए घरों को लौटे। लोगों में समय पर रसोई गैस नहीं मिलने से गैस एजेंसी के प्रति रोष है।
गंगोलीहाट में डीडीहाट गैस एजेंसी से रसोई गैस की सप्लाई होती है। अक्तूबर के शुरुआत में गैस बटी थी, इसके बाद शुक्रवार को ही गंगोलीहाट में रसोई गैस के दो ट्रक आए। कुंजनपुर में गैस वाहन खड़े किए गए। गैस बुकिंग काउंटर न होने के कारण गैस वाहन में ही रसोई गैस की पर्ची काटी जाती है और रकम ली जाती है। पहले पर्ची कटाने के चक्कर में उपभोक्ता बेकाबू हो गए, गैस वाहन पर चढ़ गए। भीड़ बढ़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद गैस बांटी गई। गंगोलीहाट में पुलिस की सुरक्षा में रसोई गैस पहली बार नहीं बांटी गई है, यहां अक्सर समय पर गैस की सप्लाई नहीं की जाती। जब गैस वाहन पहुंचते हैं तो इसी तरह की मारामारी रहती है। होम डिलीवरी की सुविधा भी गंगोलीहाट के गैस उपभोक्ताओं को नहीं मिलती, लोग कई किलोमीटर दूर खड़े गैस वाहन से अपने सिर पर गैस सिलेंडर ढोकर ले जाते हैं। नियमित गैस की सप्लाई न होने के सवाल पर गैस कर्मी प्लांट से ही कम गैस की सप्लाई होने की बात कर रहे हैं।