श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रम पेश करते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बुधवार आधी रात तक पुलिस लाइन में भव्य कार्यक्रमों की धूम मची रही। झांकी में पुलिस लाइन को पहला, फायर सर्विस को दूसरा, थाना कनालीछीना को तीसरा और अस्कोट थाने को सांत्वना पुरस्कार मिला। मुख्य अतिथि जिला जज सिकंद कुमार त्यागी और विधायक मयूख महर ने दीप जलाकर कार्यक्रमों की शुरुआत कराई। विशिष्ट अतिथि डा. गुरुकुलानंद स्वामी ने लोगों को आशीर्वाद दिया। पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा के निर्देशन में हुए कार्यक्रमों को देखने के लिए नगर क्षेत्र के लोग देर रात तक जमे रहे।
बाद में स्वरांजलि नृत्य वाटिका की ओर से भगवान कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका को देखकर लोग भाव विभोर हो गए। नृत्य नाटिका में डौली उप्रेती ने भगवान कृष्ण की भूमिका बेहतरीन ढंग से निभाई। इसके बाद एशियन एकेडमी, एम स्क्वायर स्कूल, बियरशीबा स्कूल, स्टेफर्ड स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर, विवेकानंद विद्या मंदिर के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह, ज्ञान सिंह, सभी थानों के प्रभारी, कोतवाली पुलिस और पुलिस लाइन का स्टाफ मौजूद था। बाद में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार तथा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
जन्माष्टमी पर सम्मानित की गई प्रतिभाएं
एसवीएम पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रमों की धूम रही। बच्चों ने भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित कई प्रस्तुतियां दी। बाद में प्रधानाचार्य पूनम बिष्ट, संरक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, विजय लक्ष्मी बिष्ट ने हाईस्कूल की परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इनमें प्रतिभाशाली गौरव मेहता को विद्यालय के प्रबंधक अमित बिष्ट ने दो हजार रुपये की राशि दी। अभिभावक हरीदत्त जोशी ने बच्चों के पुरस्कार के लिए एक हजार रुपये दिए।
कुछ स्थानों पर आज भी मनी जन्माष्टमी
जिले में कुछ स्थानों पर जन्माष्टमी का पर्व बृहस्पतिवार को मनाया गया, जबकि ज्यादातर लोगों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पूजन बुधवार को ही कर दिया था। पंडितों के अनुसार व्रत के लिए इस बार पंचांग में दो दिन दिए गए थे। इस कारण लोग किसी एक दिन जन्माष्टमी की पूजा कर सकते हैं।