जाम से जकड़ा रहा पिथौरागढ़ शहर
- फोटो : अमर उजाला
जैसा कि आशंका थी सोमवार को एक बार फिर से नगर की कई सड़कों पर जाम से वाहन चालक और यात्री परेशान रहे। व्यवस्था बिगड़ने का मुख्य कारण यह था कि कई स्थानों पर रोड के दोनों ओर वाहन खड़े कर दिए गए।
सुबह नौ बजे से जैसे ही स्कूली बसों, यात्री वाहनों का आवागमन शुरू हुआ तो जाम लगने लगा। पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने सोमवार को वाहनों का ज्यादा दबाव देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की मदद के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए लेकिन यातायात नियंत्रण में उनका भी बस नहीं चला।
सोमवार को जिला मुख्यालय में सरकारी दफ्तरों के काम के लिए, अस्पतालों में, बैंकों, डाकघरों में भारी संख्या में ग्रामीण अंचलों से लोग आते हैं। अन्य दिनों की तुलना में वाहनों का दबाव सोमवार को 10 से 20 फीसदी तक बढ़ जाता है। हालांकि पुलिस को सोमवार के इस दबाव का आभास तो रहता है लेकिन समाधान का कोई ठोस रास्ता न निकालने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आज बैंक रोड, जीआईसी रोड, धारचूला रोड, टनकपुर रोड पर कई बार जाम लगा।
नगर में वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था नहीं है। अभी जिला अस्पताल के पास की पार्किंग का काम पूरा नहीं हुआ है। देवसिंह मैदान के पास मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माणाधीन है। इन पार्किंग के बन जाने पर व्यवस्था में थोड़ा सुधार आने की उम्मीद है। कम से कम सड़क के किनारे वाहनों को खड़ा करने की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।