फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे सात घंटे बंद रहा

Fri, 07 Jul 2017 10:40 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़/अस्कोट/थल
विज्ञापन
थल-मुनस्यारी रोड पर चिफलवा के पास बहा सड़क का हिस्सा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में लगातार जारी बारिश से कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर खिरचना के पास शुक्रवार सुबह छह बजे मलबा पटने से यातायात पूरे सात घंटे तक बाधित रहा। अपरान्ह एक बजे सड़क खुलने के बाद ही वाहनों की आवाजाही हो पाई। धारचूला, डीडीहाट, जौलजीबी, भागीचौरा आदि स्थानों से पिथौरागढ़ को आने वाले सारे वाहन खिरचना में ही फंसे रह गए।
विज्ञापन


सीमा सड़क संगठन के साइड इंचार्ज विशन सिंह पिंगल ने बताया कि बंद सड़क को खोलने के लिए तत्काल मजदूर और जेसीबी तैनात कर दी गई थी। पिथौरागढ़-तवाघाट सड़क अक्सर बंद हो जाती है। इस बीच जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने बारिश के दौरान बंद आंतरिक सड़कों की सूची जारी करते हुए कहा है कि जिले में 24 सड़कें मलबा और पत्थर आने के कारण बंद हैं। मुनस्यारी में बाजार से चांदनी मार्केट को जाने वाली सड़क पर भारी बोल्डर गिरने से यातायात बंद हो गया है। थल-मुनस्यारी सड़क शुक्रवार को भी बंद रही। थल से आगे चिफलवा के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया है।

इस स्थान पर बड़ी कठिनाई से छोटे वाहन निकल पा रहे हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत में परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर पैदल रास्ते बारिश की भेंट चढ़ गए हैं। फिलहाल पैदल रास्तों की मरम्मत संभव नहीं है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने मौसम की असामान्य स्थिति को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्कता बरतने और प्रभावित इलाके में तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। 
विज्ञापन


पिथौरागढ़ जिले की बंद सड़कें
धारचूला-तवाघाट, तेजम-शामा, थल-मुनस्यारी, तवाघाट-पांगला, बलुवाकोट-पय्यांपौड़ी, मदकोट-दारमा, सानदेव-ननपापू, बांसबगड़-धामीगांव, नैनीपातल-मड़मानले, नाचनी-भैंसकोट, बांसबगड़-पंद्रपाला, मदकोट-बोना, तवाघाट-कंज्योति, डीडीहाट-दूनाकोट, ओगला-पाठकगांव, क्वीटी-सैंणरांथी, सिलौनी-क्वीतड़, नाचनी-बांसबगड़, चौबाटी-बोराबुंगा, सानदेव-तुरगोली, मसूरीकांठा-होकरा, डीडीहाट-भनड़ा, देवलथल-कनालीछीना, सैंणरांथी-किमखेत।

कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-65.0 एमएम
बेड़ीनाग-58.0 एमएम
मुनस्यारी-39.0 एमएम
गंगोलीहाट-32.0 एमएम
डीडीहाट-43.0 एमएम
धारचूला-58.0 एमएम

प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ा
पिथौरागढ़। जिले की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। महाकाली का जलस्तर शुक्रवार को 888.75 मीटर रहा। महाकाली में खतरे का निशान 890 मीटर पर है। सरयू का जलस्तर शुक्रवार को 447.90 मीटर पहुंच गया है। सरयू में खतरे का निशान 453 मीटर पर लगा हुआ है। गोरी का जलस्तर 604.70 मीटर रहा। गोरी में खतरे का निशान 607.80 मीटर पर लगा हुआ है।

गोचर में फंस गए दर्जनों ट्रक
थल। थल-मुनस्यारी सड़क बंद होने से सामान लेकर मुनस्यारी जा रहे दर्जनों ट्रक गोचर में फंसे हैं। चिफलवा के पास सड़क इतनी खराब है कि बड़े वाहनों का निकल पाना संभव नहीं है। मुनस्यारी से आ रहे ट्रक भी चिफलवा से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। मुनस्यारी में सब्जी, दूध की किल्लत होने लगी है। रसोईगैस के वाहन भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें