कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सिल्थाम, गांधीचौक, नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। शुक्रवार सुबह व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानें बंद करा दी। दोपहर बाद व्यापारियों और जिला प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान फिर खोले।
शुक्रवार को नगर के तीनों माइक्रो कंटेनमेंट जोन में कुछ व्यापारियों में दुकानें खोलने को लेकर असमंजस बना रहा। सुबह कुछ दुकानें तो खुली रहीं लेकिन ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी दुकानें बंद करा दीं। दोपहर में व्यापारी नेताओं ने प्रशासन के साथ वार्ता की। इसके बाद दुकानें खोलने की अनुमति मिल गई। हालांकि नगर क्षेत्र में ग्राहकों के नहीं आने से व्यापारी दिन भर खाली बैठे रहे। व्यापारियों का कहना है कि साल के पहले ही दिन दुकानें बंद कराने का निर्णय गलत है।
गंगोलीहाट में खुली रहीं दुकानें
गंगोलीहाट में एक सप्ताह तक बाजार बंद रखने के निर्णय से व्यापारी सहमत नजर नहीं आए। प्रशासन के निर्देश के बावजूद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल दिए। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एक सप्ताह के लिए बाजार बंद रखने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन व्यापार संघ इससे सहमत नजर नहीं आया।
व्यापारियों का कहना था कि साल के पहले दिन ही बाजार बंद रखना ठीक नहीं है। व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश धानिक ने कहा कि व्यापारियों को विश्वास में लिए बगैर आदेश जारी कर दिए थे। बाजार बंदी की सूचना भी नहीं दी गई, जिस कारण दुकानें खुली रखीं। उनका कहना है कि व्यापारियों को बाजार बंदी पर अंतिम निर्णय लेने के लिए तीन दिन का समय चाहिए। उन्होंने कहा कि चार जनवरी को इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गणाईगंगोली में 48 घंटे के लिए बंद रहेगा बाजार
गणाईगंगोली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दो जनवरी से 48 घंटे तक बाजार बंद रहेगा। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय अन्य व्यापारियों और एसडीएम भगत सिंह फोनिया की सहमति से यह निर्णय लिया गया है।