फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: पिथौरागढ़ में दो सीटी स्कैन मशीनें, चलाने की जिम्मेदारी सिर्फ एक तकनीशियन पर

Sat, 17 Jan 2026 10:46 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ में जिला महिला अस्पताल जहां जल्द सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। संवाद
विज्ञापन
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में अब दो सीटी स्कैन मशीनों से मरीजों की जांच होगी। जल्द ही महिला अस्पताल में दूसरी सीटी स्कैन मशीन का संचालन शुरू होगा लेकिन हैरानी की बात है कि दोनों मशीनों को संचालित करने की जिम्मेदारी सिर्फ एक तकनीशियन पर होगी। तकनीशियन को बेस अस्पताल के साथ ही महिला अस्पताल में भी सीटी स्कैन मशीन को संचालित करना होगा।
विज्ञापन

नगर से दो डेढ़ किलोमीटर दूर बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित है जहां हर रोज मरीजों की जांच होती है। अब नगर के बीच महिला अस्पताल में भी सीटी स्कैन मशीन स्थापित हो चुकी है जिसका जल्द संचालन शुरू होगा। इधर, सवाल यह है कि मशीन तो स्थापित हो चुकी है लेकिन इसके संचालन के लिए तकनीशियन की नियुक्ति नहीं हुई है।
ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को एक तकनीशियन के भरोसे दो सीटी स्कैन मशीनों का संचालन करना होगा जो किसी चुनौती से कम नहीं है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस समस्या के समाधान के लिए दो शिफ्टों में दोनों अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन संचालित होंगी। ऐसे में साफ है कि एक शिफ्ट में मरीजों को जांच के लिए डेढ़ किलोमीटर का सफर तय करना होगा तो दूसरी शिफ्ट में नगर के बीच ही उन्हें यह सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन

शाम तीन बजे तक बेस अस्पताल में होगा सीटी स्कैन
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, यदि महिला अस्पताल में ही सभी मरीजों का सीटी स्कैन हुआ तो बेस अस्पताल में लगी मशीन का संचालन रुक जाएगा। ऐसे में करोड़ों की मशीन संचालन न होने से बेवजह पड़ी रहेगी। इस समस्या के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शाम तीन बजे तक मरीजों को बेस भेजकर वहां सीटी स्कैन कराने का निर्णय लिया है। तीन बजे के बाद मरीजों का महिला अस्पताल में सीटी स्कैन होगा।
दो सीटी स्कैन मशीन लेकिन एमआरआई की सुविधा नहीं
सीमांत जिले में दो सीटी स्कैन मशीन स्थापित होना सभी के लिए सुखद है। सीटी स्कैन के लिए दो मशीनें तो स्थापित कर दी गई हैं लेकिन अब तक जिले में स्वास्थ्य विभाग एमआरआई की सुविधा उपलब्ध नहीं करा सका है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, एमआरआई मशीन स्थापित करने के लिए जगह की कमी है। इसके रेडिएशन से भी मरीजों और अन्य लोगों को बचाना जरूरी है। ऐसे में विभाग एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोनिवि कार्यालय के शिफ्ट होने का इंतजार कर रहा है।
कोट
महिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित हो चुकी है। तकनीशियन की कमी है। ऐसे में बेस और महिला में एक ही तकनीशियन सीटी स्कैन करेंगे। दोनों मशीनों को उपयोग में रखने के लिए दो शिफ्टों में दोनों जगह सीटी स्कैन किया जाएगा। - डॉ. एसएस नबियाल, सीएमओ, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें