पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-घाट एनएच 31 अक्तूबर और एक नवंबर को 10 घंटे बंद रहेगा। एनएच में दोनों दिन सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। एनएच में दो नवंबर से 11 नवंबर तक सुबह 8:30 बजे से अपरान्ह 2:30 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पिथौरागढ़-घाट बारहमासी सड़क पर पहाड़ी कटिंग का कार्य अंतिम चरण में है। गुरना से घाट तक कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का खतरा बना हुआ है। तीन दिन पूर्व पहाड़ी दरकने से कैंटर चालक और क्लीनर की मौत हो गई थी।
पहाड़ पर खतरा बनी दरारों को हटाने के लिए एनएच खंड ने पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी से 15 दिन के लिए सड़क को पूरी तरह से बंद रखने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
इस पर डीएम ने तीन सदस्यीय समिति को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। समिति की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे ने गुरना मंदिर के समीप पहाड़ कटिंग के कारण पहाड़ी पर पड़ी दरारों को हटाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के बाद मार्ग को 31अक्तूबर और एक नवंबर को पूर्ण रूप से सुबह आठ बजे से सायं छह बजे तक और दो नवंबर से 11 नवंबर तक सुबह 8:30 बजे से अपरान्ह 2:30 बजे तक आवागमन के लिए बंद रखने की अनुमति दे दी है। आपात स्थिति में पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग से आवागमन किया जाएगा।