पिथौरागढ़। जिले में कोरोना कर्फ्यू के कारण सब्जी, राशन आदि कारोबारी काफी प्रभावित हैं। उनकी रोज की बिक्री आधी रह गई है। जिले में कारोबारियों को रोज चार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।
बाजार खुलने का समय सीमित होने के कारण उनका सामान समय पर नहीं बिक पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से वाहनों की आवाजाही बेहद कम है। जहां एक ओर ग्रामीण सब्जी और फलों के लिए तरस गए हैं वहीं कारोबारी भी लगातार नुकसान झेल रहे हैं।
जिले में सब्जी, राशन, मसाला, तेल के कारोबारियों को रोज चार करोड़ रुपये के हिसाब से मई में 60 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। कारोबारियों की मुश्किलें और अधिक बढ़ रही हैं।
सामान्य स्थिति में जिले में सब्जियों के 25 वाहन आते थे, लेकिन आजकल करीब 10 वाहन ही जिले में पहुंच रहे हैं। मसाला कारोबारी निशांत मखौलिया ने बताया कि कारोबार आधे से भी कम हो गया है। बाजार खुलने का समय सीमित होने के कारण वह ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामान नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
गोरीपार के लोग दे रहे 32 किमी का 600 किराया
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी के विभिन्न गांवों में वाहनों में 50 फीसदी सवारी के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। गोरीपार क्षेत्र के लोग मुनस्यारी पहुंचने के लिए 32 किमी का किराया 600 रुपये दे रहे हैं जबकि एक तरफ का 300 रुपये है। मदकोट, पातो, बुईं क्षेत्र के लोग 15 किमी दूर मुनस्यारी आने का किराया 500 रुपये दे रहे हैं। इसलिए बाजार आने पर लोगों को भारी आर्थिक मार पड़ रही है।
सब्जियां तक नहीं खरीद पा रहे ग्रामीण
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाई गंगोली में दूरस्थ गांवों के लोगों को ताजी सब्जियां नहीं मिल पा रहीं हैं। क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीण 30 से 50 किमी यात्रा कर सुबह बाजार पहुंच रहे हैं लेकिन दुकानें बंद होने के कारण उन्हें ताजी सब्जियां नहीं मिल पा रहीं हैं। हल्द्वानी मंडी से भी सब्जियों की गाड़ियां कम आ रहीं हैं। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
डीडीहाट के ग्रामीण क्षेत्रों में दोगुने हो गए सब्जी के दाम
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग दोगुने दामों पर सब्जियां खरीद रहे हैं। भागीचौरा, दूनाकोट, आगांव, आदिचौरा में भी यही हाल है। दूनाकोट के मान सिंह ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के कारण दिक्कतें बढ़ गईं हैं।
बाजार से सामान लाने के लिए टैक्सी वाहन बुक करना पड़ रहा है। बाजार में 30 रुपये किलो तक बिक रहा टमाटर गांव पहुंचते ही 50 से 60 रुपये किलो तक पहुंच जा रहा है। एफजीआई कमलेश बुढलाकोटी ने बताया कि राशन सस्ता गल्ला के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध करा दिया गया है।
जिले में कोरोना कर्फ्यू के कारण कारोबारियों को रोज करीब चार करोड़ का नुकसान हो रहा है। बाजार खुलने का समय सीमित होने के कारण व्यापारियों का कारोबार लगातार चौपट हो रहा है। इसलिए दोपहर 12 बजे तक बाजार खुलना चाहिए।
-पवन जोशी, अध्यक्ष, जिला उद्योग व्यापार मंडल।