नैनीसैनी हवाई पट्टी से देहरादून के लिए बंद पड़ी हवाई सेवा आठ सितंबर से फिर शुरू हो सकती है। हेरिटेज एविएशन कंपनी हवाई सेवा का संचालन करेगी। तकनीकी कारणों से सात माह पूर्व नौ फरवरी से हवाई सेवा बंद कर दी गई थी।
हवाई पट्टी निर्माण के 27 साल बाद नैनीसैनी से 17 जनवरी 2019 को नौ सीटर विमान से पहली व्यावसायिक उड़ान शुरू हुई थी। पंतनगर और देहरादून के लिए संचालित हवाई सेवा से सीमांत के लोग काफी खुश थे लेकिन नौ फरवरी को हेरिटेज कंपनी के विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद यह सेवा बंद कर दी गई थी। कंपनी को एडवांस टिकट बुकिंग कर चुके ग्राहकों को धनराशि लौटानी पड़ी थी। हेरिटेज कंपनी ने एक बार फिर नैनीसैनी से पंतनगर और देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू करने की इच्छा जताई है। जिला प्रशासन के साथ कंपनी का पत्राचार चल रहा है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आठ सितंबर से फिर से सीमांत के लोग हवाई जहाज से पंतनगर और देहरादून जा सकेंगे।
हेरिटेज कंपनी ने इसी आठ सितंबर से देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू करने की बात कही है। इसके अलावा कंपनी ने आठ अक्तूबर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए भी पिथौरागढ़ से सीधी फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। हवाई पट्टी में सभी तैयारियां दुरुस्त हैं। यदि हवाई सेवा शुरू होती है तो इसका लाभ लोगों को मिलेगा। - डा.विजय कुमार जोगदंडे जिलाधिकारी, पिथौरागढ़।