गंगोलीहाट। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में लाखों रुपये मिलने के बाद भी विद्यार्थियों को मानकों के अनुरूप भोजन नहीं मिल रहा है। विद्यार्थियों की शिकायत के बाद एडीएम के निर्देश पर निरीक्षण के लिए विद्यालय पहुंची राजस्व की टीम ने भी यह खामी पकड़ी है। भोजन में पनीर गायब मिला तो मीट के नाम पर सिर्फ पानी उबालकर विद्यार्थियों को परोसा जा रहा था। अब राजस्व की टीम रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजेगी।
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में कुछ दिन पूर्व एडीएम ने निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था को परखा तो कई खामियां मिलीं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए और ऐसा न होने पर विद्यार्थियों से फोन पर शिकायत दर्ज कराने को कहा। उनके निर्देश पर बीते शनिवार को निरीक्षण के लिए पहुंची राजस्व की टीम ने भी भोजन में कमी पाई।
चावल कच्चा और दाल से दाने गायब मिले। टीम ने प्रधानाचार्य को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए जो दूसरे दिन ही फिर से हवाई साबित हुए। विद्यार्थियों की शिकायत के बाद एडीएम के निर्देश पर रविवार को टीम दोबारा तहसीलदार राजेंद्र गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में विद्यालय पहुंची तो हैरान रह गई।
दरअसल मीनू के हिसाब से रविवार को विद्यार्थियों को मीट और शाकाहारी विद्यार्थियों को पनीर परोसा जाना था। भोजन में पनीर पका ही नहीं और मीट भी पर्याप्त नहीं था। चावल भी कच्चा मिला। अब टीम रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजेगी। विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अब जिला प्रशासन के पाले में गेंद है। टीम में राजस्व उपनिरीक्षक विजय शाह, अंजू बिष्ट, लक्ष्मण सिंह, अमित शामिल रहे। संवाद
छात्रावास में एक सप्ताह से बिना बिजली के हैं विद्यार्थी
गंगोलीहाट। निरीक्षण के लिए राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुंची राजस्व की टीम को विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रावास में एक सप्ताह बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। कुछ दिन पूर्व एडीएम ने विद्यालय पहुंचकर जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए थे। विद्यालय प्रबंधन ने उनके सामने दूसरे ही दिन व्यवस्था ठीक करने का दावा किया था। अब भी विद्यार्थी छात्रावास में बगैर बिजली रह रहे हैं। उन्हें मोमबत्ती के सहारे पढ़ाई करनी पड़ रही है।
कोट
विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के लिए हर बार पूछा जाता है और इस पर निगरानी भी रखी जाती है। कई बार रसोइये बदलने से भोजन के स्वाद, गुणवत्ता में फर्क आ जाता है। व्यवस्था में सुधार होगा। - शंभू नाथ यादव, प्रधानाचार्य, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, गंगोलीहाट।
कोट
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में निरीक्षण किया। तय मानकों के अनुरूप भोजन नहीं मिला। मीनू के हिसाब से पनीर नहीं बनाया गया था। मीट की गुणवत्ता भी सही नहीं थी। रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। - राजेंद्र गिरी गोस्वामी, तहसीलदार, गंगोलीहाट।