पिथौरागढ़। पीएचसी इग्यारदेवी में ताला लगा होने से दुर्घटना के घायलों को प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात मजदूरों को लेकर आ रहा पिकअप वाहन गुरना क्षेत्र में पलट गया। घायलों को जिला अस्पताल में आकर उपचार कराना पड़ा। सीएमओ ने जांच कराने की बात कही है।रविवार रात यूपीसीएल का पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया था। वाहन में यूपीसीएल के 10 मजदूर थे। स्थानीय लोगों की मदद से मजूदरों को इग्यारदेवी पीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका मिला। स्वास्थ्य विभाग का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके बाद मजदूरों को पिथौरागढ़ अस्पताल लाया गया। जहां पर उनका उपचार किया गया।
राज्य आंदोलनकारी और ग्रामीण संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने कहा कि विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करना चाहिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य कर्मी तैनात होना चाहिए।
.................
इग्यारदेवी में चिकित्सक नहींं
पिथौरागढ़। पीएचसी इग्यारदेवी में तैनात चिकित्सक पीजी कोर्स के लिए गए हैं। अब वहां कोई चिकित्सक नहीं है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। रात के समय फार्मासिस्ट ऑन कॉल पर मौजूद रहता है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 50 चिकित्सक पीजी कोर्स के लिए गए हैं।
-
रात के समय फार्मासिस्ट मौजूद रहता है। रविवार को स्टाफ क्यों नहीं था, इसकी जांच की जाएगी। जानकारी मिलने के बाद 108 एंबुलेंस घटनास्थल की तरफ घायलों को लेने गई थी, लेकिन घायल पीएचसी पहुंच गए थे। इसके बाद 108 से उन्हें पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉ. एचएस ह्यांकी, सीएमओ पिथौरागढ़।
................