फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क निर्माण के दौरान निकले मलबे से पेट्रोल पंप क्षतिग्रस्त

Sun, 19 Feb 2017 10:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला
विज्ञापन
सड़क निर्माण का मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त पेट्रोल पंप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत फुलतड़ी के लिए बन रही सड़क निर्माण के दौरान रविवार को भारी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने से निगालपानी में एक पेट्रोल पंप क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे की चपेट में आकर फुलतड़ी में एक व्यक्ति की गाय भी मर गई। आसपास के मकानों और खेतों में मलबा पटने से भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने दोपहर 12 बजे से पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर पांच घंटे तक जाम लगा दिया। लोगों ने सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क निर्माण का काम तत्काल रोकने की मांग की। बाद में एसडीएम आरके पांडे ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को हिरासत में लिया, तब जाकर अपरान्ह पांच बजे लोगों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खुला।
विज्ञापन


बताया गया कि रविवार दोपहर 12 बजे निगालपानी स्थित पेट्रोल पंप में तेल भरवाकर एक बारात की गाड़ी और कुछ वाहन जैसे ही आगे निकले ही कि अचानक पंप के ठीक ऊपर से सड़क निर्माण के दौरान निकले बड़े-बड़े बोल्डर गिरने लगे। इससे फुलतड़ी निवासी गोविंद थलाल के घर का आंगन टूट गया और आंगन में बंधी गाय की मलबे की चपेट में आकर मौत हो गई। खेतों में भी भारी मलबा पट गया। साथ ही जानकी देवी और पूरन थलाल के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पेट्रोल पंप के डीजल और पेट्रोल के एक-एक पंप टूट गए। पंप टूटने से वाहनों को ईंधन मिलना बंद हो गया है।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने पिथौरागढ़-तवाघाट मार्ग पर निगालपानी में जाम लगा दिया। लोगों ने मांग की कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क का निर्माण कार्य बंद किया जाए। मौके पर पहुंचे एसडीएम आरके पांडे, थानाध्यक्ष अजय साह, राजस्व निरीक्षक हुकम धामी ने लोगों से बात की, लेकिन घटना से आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान लोगों की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। लोग ठेकेदार को भीड़ के हवाले करने की मांग करने लगे। बाद में एसडीएम के आदेश पर सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार चंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया गया। साथ ही ठेकेदार ने लिखित आश्वासन लिया गया कि वह नुकसान की भरपाई करेगा। तब जाकर लोग जाम खोलने को राजी हुए।
विज्ञापन


गांव की हीरा देवी, कुंती देवी ने एसडीएम को बताया कि ठेकेदार ग्रामीणों को रिवाल्वर दिखाकर धमकाता है तथा विरोध करने पर डोजर चढ़ा देने की धमकी देता हैं। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में रमेश थलाल, रूकुम बिष्ट, मनोज नगन्याल, नर्मदा मेहता, नरेंद्र दरियाल, मनोज नगन्याल, उमा देवी,भगवती देवी, शंकर सिंह, राधा देवी आदि शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें