धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के लोगों ने उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में प्रवास पर जाने की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कृष्णा गर्ब्याल ने कहा कि सीमांत के दारमा, व्यास घाटी में रहने वाले गर्मियों के सीजन में अपने मूल गांवों में जाकर आजीविका चलाते हैं। प्रतिवर्ष एक अप्रैल के बाद से लोग उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में जाना शुरू करते हैं। इस बार कोरोना वायरस के चलते किये गए लॉकडाउन के वजह से प्रवास शुरू नहीं हो पाया है। लोग आज तक लॉकडाउन खुलने का इंतजार कर रहे थे लेकिन इसकी अवधि बढ़ने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने 20 से 30 अप्रैल तक जनजातीय समुदाय के लोगों को पारंपरिक प्रवास पर जाने की अनुमति देने की मांग की है। जिससे ग्रामीण खेती के साथ ही पशुपालन का कार्य कर सकें। कहा है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में ग्रामीण खेतीबाड़ी कर सेना को भी सब्जियां उपलब्ध कराते हैं। ग्रामीणों के गांवों में जाने से नगरीय क्षेत्र में भी भीड़ कम होगी जिससे कि लोग संक्रमण में आने से बचे रहेंगे। (संवाद)