पोस्टआफिस में कामकाज ठप होने के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : पिथौरागढ़
भारतीय स्टेट बैंक बंगापानी में स्टाफ की कमी और खराब इंटरनेट सेवा को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि नेट काम न करने से तहसील से प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।
मवानी दवानी के क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत मेहरा के नेतृत्व में बैंक शाखा के बाहर एकत्र लोगों ने एसबीआई में स्टाफ की तैनाती और क्षेत्र की संचार व्यवस्था पुख्ता करने को लेकर नारेबाजी की। इन लोगों का कहना था कि बैंक में चार के स्थान पर मात्र दो कर्मी तैनात हैं। बैंक में स्टाफ की कमी से लेनदेन प्रभावित हो रहा है। लोगों के खाते समय पर नहीं खुल पा रहे हैं। इंटरनेट काम न करने से दिक्कत और बढ़ गई है। कहा कि क्षेत्र में ओएफसी लाइन बिछाकर इंटरनेट सेवा पुख्ता करने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इंटरनेट न चलने से तहसील से प्रमाण पत्र जारी होने में विलंब हो रहा है। सरकार की कई योजनाओं से लोगों को वंचित होना पड़ रहा है। एसबीआई में स्टाफ की तैनाती के साथ ही इंटरनेट सेवा पुख्ता नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में मुन्ना सिंह, बसंती देवी, खीला देवी, जयपाल राम, उमेद सिंह, भूपाल सिंह, दमयंती देवी, सीता देवी, कुमेर सिंह, दयाल राम आदि शामिल थे।