धारचूला के दूरस्थ गांवों से 150 किलोमीटर का सफर तय कर यहां पहुंचे लोगों ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। धारचूला विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर इन लोगों ने नारेबाजी की।
भाजपा जिला प्रवक्ता जगत मर्तोलिया और दिनेश राणा के नेतृत्व में यहां पहुंचे लोगों ने बताया कि सीएम के विधानसभा क्षेत्र में इस समय शिक्षकों के 468 पद रिक्त हैं। 26 इंटर कालेजों, 12 हाईस्कूलों और 16 जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाचार्य नहीं हैं। क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री के पक्ष में इसलिए मतदान किया था कि सीमांत की शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा लेकिन चुनाव संपन्न होने के नौ माह बाद भी स्कूलों की दशा नहीं सुधरी है। उन्होंने कहा कि सीएम के पास धारचूला विधानसभा क्षेत्र के लिए कोई समय नहीं रह गया है। भाजपा के युवा नेता दिनेश राणा ने कहा कि इस उपेक्षा के खिलाफ अब आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदर्शन में बलवंत सिंह राणा, धर्म सिंह परिहार, प्रकाश शाही, धीरज जोशी, नीरज मेहता, त्रिभुवन राणा, चंदू कोरंगा, धीरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, शंकर जोशी, ललित, आशीष, सूरज, देवराज सहित खेला, जुम्मा, नपलच्यू, नागलिंग, पांगला, जयकोट गांवों के लोग थे।