पिथौरागढ़। आखिरकार देवलथल के 40 से अधिक गांवों के ग्रामीणों का आंदोलन रंग लाया है और जीआईसी को फिर से परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीबीएसई ने देवलथल जीआईसी को परीक्षा केंद्र बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों और बोर्ड परीक्षार्थियों में खुशी की लहर है।
अटल उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा मिलने के बाद सीबीएसई के अधीन संचालित जीआईसी देवलथल को लगातार दो साल तक परीक्षा केंद्र बनाया गया। इस बार विभाग ने इसे परीक्षा केंद्र बनाने से हाथ पीछे खींच लिए। ऐसे में यहां अध्ययनरत 126 बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा देने अन्य केंद्रों की दौड़ लगाना मजबूरी बन गया।
इससे नाराज क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों ने बीते दिनों लगातार आंदोलन कर जगह-जगह प्रदर्शन किया। आखिरकार सीबीएसई को अपना निर्णय बदलकर फिर से जीआईसी देवलथल को परीक्षा केंद्र बनाना पड़ा है।
सीबीएसई की ओर से इसे परीक्षा केंद्र बनाने का आदेश विद्यालय प्रबंधन को मिल चुका है। अब बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा देने अन्य परीक्षा केंद्रों की दौड़ नहीं लगानी होगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि खासकर छात्राओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
कोट -
जीआईसी देवलथल को फिर से परीक्षा केंद्र बनाने के निर्देश सीबीएसई से मिले हैं। निश्चित तौर पर इसे परीक्षा केंद्र बनाए जाने से क्षेत्र के बोर्ड परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी। - कुंदन सिंह धामी, प्रभारी प्रधानाचार्य, जीआईसी देवलथल।