बालश्रम और भिक्षावृत्ति के खिलाफ जागरूकता यात्रा में रवाना होते सदस्य।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। भिक्षावृत्ति एवं बालश्रम के खिलाफ घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी की यात्रा शुक्रवार को पिथौरागढ़ से शुरू हुई। सोसायटी के अध्यक्ष अजय ओली 1200 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में 200 किमी की यात्रा नंगे पांव चलकर लोगों को जागरूक करेंगे।
सोसायटी के अध्यक्ष अजय ओली ने बताया कि भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए पिथौरागढ़ से रुद्रप्रयाग, बद्रीनाथ, केदारनाथ, तुंगनाथ, बागेश्वर और चमोली जिलों में अभियान चलाया जाएगा। आठ सितंबर को विश्व साक्षरता दिवस पर तुंगनाथ, अन्य स्थानों पर भारत मां का झंडा फहराया जाएगा। भारत के विभिन्न कोनों से चार धाम यात्रा पर आने वाले लोगों को संस्था के स्वयंसेवी पंकज जोशी, पूजा भट्ट, अमित ओली, ओंकार बिष्ट, मोहित, कार्तिका, बृजेश जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि आठ सदस्यीय दल सात दिन में पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग सहित आठ शहरों में संपर्क करने के साथ ही पांच हजार से अधिक लोगों को जागरूक करेगा। सोसायटी के अध्यक्ष ने बताया कि पिथौरागढ़ शहर में भी हाल में किए गए एक सर्वेक्षण में कुछ स्थानों पर बालश्रम पाया गया है, जिसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य बालश्रम और भिक्षावृत्ति को समाप्त कर बच्चों को शिक्षा से जोड़कर मुख्य धारा में लाना है।