पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते रांथी गांव के लोग
- फोटो : अमर उजाला
धारचूला तहसील के रांथी गांव के लोगों ने बुधवार से जिला मुख्यालय में आंदोलन शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रांथी गांव के लोग समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न मंचों से आवाज उठा चुके हैं। जब कहीं से समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता चुना। रांथी युवक मंगल दल के पूर्व अध्यक्ष बलवंत सिंह बोरा के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने अनशन शुरू करने से पहले प्रदर्शन किया।
बोरा ने कहा कि धारचूला नगर का कूड़ा रांथी गांव की सीमा पर डाला जा रहा है, इससे गांव में प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने के साथ ही रांथी का डाकघर ठीक मध्य स्थल पर बोरागांव के पंचायतघर में खोलने, एएनएम सेंटर के भवन की मरम्मत करने, गांव में सार्वजनिक बारातघर बनाने, महिला मिलन केंद्र की स्थापना करने, जीआईसी रांथी में प्रधानाचार्य समेत शिक्षकों के रिक्त पद भरने, क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय भवनों की मरम्मत करने, ग्राम पंचायत के हर तोक में सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग की। इन मांगों को लेकर बोरा बुधवार से आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने उनको उठाने की कोशिश की तो गांव के अन्य लोग अनशन शुरू कर देंगे। प्रदर्शन में सोबन सिंह, वीर सिंह, कुंवर सिंह, दयान सिंह बोरा, ईश्वर सिंह, श्याम सुंदर, कैलाश सिंह, कमलेश सिंह आदि शामिल हुए। गांव के लोगों ने मांगों को लेकर डीएम को भी ज्ञापन दिया है।