मल्ली मानले में वाहन से पानी ढोने की तैयारी में लोग
- फोटो : अमर उजाला
मड़मानले क्षेत्र के मल्ली मानले में पानी का संकट बना हुआ है। गांव के लोग 4 किमी दूर से वाहनों के जरिये पानी ढो रहे हैं। गांव के करीब 30 परिवार पानी संकट से जूझ रहे हैं।
मल्ली मानले के लिए कुछ साल पहले स्वजल से पेयजल योजना बनी हुई थी। स्रोत सूखने से पानी का संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोग 4 किमी दूर भौतड़ी से वाहनों में पानी ढो रहे हैं। 10 लीटर पानी में 30 रुपये की लागत आ रही है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र धामी, रमेश कुमार, दिनेश प्रसाद, सुनील कुमार, डंबर सिंह, आशा देवी, निर्मला देवी, पुष्पा देवी ने बताया कि गांव के लोग गंभीर संकट में फंस गए हैं। सुबह से शाम तक पानी का ही इंतजाम करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी जानवरों के लिए पानी का इंतजाम करने में हो रही है। इन लोगों ने कहा कि गांव के लिए नई पेयजल योजना बनाने का मामला कई बार विभाग के सामने उठा दिया गया है लेकिन नई योजना नहीं बन पा रही है। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार का कहना है कि शासन, प्रशासन को मल्ली मानले के लोगों की दिक्कतों को समझना चाहिए। वहां के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराना चाहिए।