सड़क की दुर्दशा के खिलाफ प्रदर्शन करते थल के लोग
- फोटो : अमर उजाला
थल बाजार से रामगंगा घाट जाने वाली सड़क को पेयजल लाइन बिछाने के लिए खोदे जाने और लोगों के आवागमन में हो रही परेशानी के खिलाफ बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। कहा कि 1955 में श्रमदान से तैयार इस सड़क को बेदर्दी से खोद दिया गया है। इस सड़क से रोजाना कई शवों को अंतिम संस्कार के लिए घाट ले जाया जाता है और इलाके के लोग तथा स्कूली बच्चे इसी सड़क से आवाजाही करते हैं।
लोगों का कहना है कि पाइप लाइन बिछाते समय सड़क को काट तो दिया गया, लेकिन मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। यह सड़क अब पैदल चलने लायक भी नहीं रह गई है। इसमें वाहनों का संचालन तो लंबे समय तक नहीं हो पाएगा। आक्रोशित लोगों ने कहा कि जितने हिस्से में सड़क की खुदाई की गई है, उसकी सही ढंग से मरम्मत की जाए और लोगों की सुरक्षा के उपाय किए जाएं। यदि सड़क की सही ढंग से मरम्मत नहीं हुई तो लोग उग्र आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए युवा समाजसेवी विनोद जोशी और अनिल कार्की ने कहा कि एक योजना बनाने पर दूसरी योजना को खराब न किया जाए। प्रदर्शन में मनीष सत्याल, बलवंत डांगी, महिपाल सिंह, भीम कुमार, कुंती देवी, प्रेम सिंह पुजारी, विशाल भारती. केशर महरा आदि लोग थे। पाइप लाइन बिछाने का काम जल निगम कर रहा है। जल निगम के सहायक अभियंता शिवम द्विवेदी का कहना है कि सड़क की मरम्मत की जा रही है।