थल (पिथौरागढ़)। तहसील क्षेत्र के चौनीपातल में बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया। संयोग से मकान में रह रहे लोग जन्माष्टमी की पूजा के लिए पड़ोस में गए थे जिससे उनकी जान बच गई। घर में रखा राशन, कपड़े, बर्तन सहित अन्य सामान मलबे में दब गया।
चौनीपातल निवासी फकीर राम पुत्र प्रेम राम का मकान बीते शुक्रवार की देर रात बारिश में ध्वस्त हो गया। जन्माष्टमी पर फकीर राम और उनके पारिवारिक सदस्य पड़ोस में रहने वाले उनके भाई के घर पूजा के लिए गए थे। सभी पारिवारिक सदस्य एक साथ भोजन करने के बाद वहीं सो गए। ऐसे में सभी लोगों की जान बच गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर प्रभावित परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के भीतर रखे कपड़े, बर्तन, राशन सहित अन्य सभी सामान मलबे में दब गया। पीड़ित ने घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी। प्रधान नवीन चंद्र पाठक सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। संवाद