पिथौरागढ़। दिल्ली तक संचालित विमान सेवा का किराया महंगा होने से आम जनता में गुस्सा है। विधायक ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। विधायक मयूख महर ने कहा कि सीमांत की आम जनता के लिए आठ हजार किराया चुकाकर विमान में दिल्ली पहुंचना आसान नहीं है। बैंकाक और सिंगापुर का किराया दिल्ली के लिए लिया जा रहा है।
दिल्ली के लिए संचालित विमान सेवा के किराए को लेकर विधायक मयूख महर ने सरकार और कंपनी पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर दिल्ली के लिए सीधी विमान सेवा संचालित करना सही है लेकिन इसका किराया सीमांत के लोगों को परेशान कर रहा है। दिल्ली तक करीब आठ हजार रुपये किराया लिया जा रहा है इसे चुकाकर विमान में सफर कर पाना सीमांत की आम जनता के लिए मुश्किल है। इसका सीध असर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किराया कम कर सीमांत की जनता को इसका लाभ पहुंचाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। कंपनी को भी किराए में छूट देनी चाहिए। कहा कि वह इस मामले को सीएम के सामने रखेंगे।
किराया अधिक होने से नहीं मिल रहे पर्याप्त यात्री, गड़बड़ाया शेड्यूल
पिथौरागढ़। चर्चा है कि किराया दिल्ली विमान सेवा का किराया अधिक होने से यात्री इससे दूरी बना रहे हैं और बस और टैक्सी में सफर करना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में विमान सेवा की बुकिंग कम मिल रही है। ऐसा अब तक नहीं हुआ है कि 42 सीटर विमान में पर्याप्त यात्रियों ने सफर किया हो। सूत्रों के मुताबिक यात्री न मिलने से दिल्ली एयरपोर्ट पर अंतिम क्षणों तक बुकिंग मिलने का इंतजार किया जा रहा है। नतीजनत दिल्ली से नैनीसैनी एयरपोर्ट पर विमान देरी से पहुंच रहा है और इसका शेड्यूल गड़बड़ा गया है।