पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-घाट ऑलवेदर रोड पर चुपकोट पहाड़ी पर अटका बोल्डर एनएच के लिए मुसीबत बन गया है। पहाड़ी से मौत बनकर झांक रहे बोल्डर को हटाने के लिए 10 ब्लास्ट किए गए लेकिन बोल्डर अपनी ही जगह पर अटका हुआ है।
चुपकोट बैंड पर काफी समय से बोल्डर अटका हुआ है। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। शनिवार को एडीएम डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने पहाड़ में फंसे बोल्डर और मलबे को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएच लोहाघाट की टीम बोल्डर हटाने के लिए सक्रिय हो गई।
एनएच के एई हरीश बथियाल ने बताया कि चूना मिश्रित पत्थर होने से दिक्कत आ रही है। बोल्डर तोड़कर आधा बना दिया गया है लेकिन अभी हटाया नहीं जा सका है। बोल्डर तोड़ने को बनाए गए सुराख से हवा लीक हो जा रही है। साथ ही उसमें रॉड भी फंस जा रही है।
पहाड़ी पर खड़े होने की स्थिति न होने से बोल्डर को हटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बोल्डर हटाने के दौरान सड़क पर कई बार यातायात बाधित हुआ। सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और पुलिस जवान भी वहां तैनात किए गए हैं। एई ने बताया कि बोल्डर हटाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सीमांत जिले में अभी भी नौ सड़कें बंद
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में अभी भी भूधंसाव, बारिश के दौरान बहने से नौ सड़कों पर यातायात बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार छिरकिला-जम्कू, मदकोट-तोमिक, बांसबगड़-कोटा-पंद्रहपाला, तवाघाट-थानीधार, सिंगाली-बस्तड़ी, देवीसौना-खेतकन्याल-गराली, जौलजीबी-मदकोट-कोलीकन्याल, डीडीहाट-आदीचौरा-हुनेरा, सोबला-दर-तिदांग सड़कें बंद चल रही हैं। संवाद