पिथौरागढ़। नगर में खुले में कूड़ा डालने वालों की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी। पहले चरण में नगर में 10 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके बाद बचे हुए अन्य स्थानों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नगर पालिका की ओर से विभिन्न स्थानों पर लगाए गए 68 कूड़ेदान हटाए जाएंगे। कूड़ेदान हटने के बाद घर-घर से कूड़ा उठाया जाएगा।
नगर में कई स्थानों पर लगाए गए कूड़ेदानों से सुबह कूड़ा उठने के बाद दोपहर तक फिर कूड़ा भर जाता है। इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने कूड़ेदान हटाना शुरू कर दिया है। अभी तक नगर में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पांच कूड़ेदान हटा दिए गए है।
जल्द ही अन्य स्थानों से भी कूड़ादान हटाए जाएंगे। पिथौरागढ़ नगर के प्रत्येक घर से कूड़ा उठाने के लिए प्रत्येक वार्ड में नगर पालिका की गाड़ी जाएगी। इधर पालिका की टीम लोगों को खुले में कूड़ा नहीं डालने के लिए भी जागरूक कर रही है। पालिका की टीम ने खुले में कूड़ा डालने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो दिन में खुले में कूड़ा डालने वाले 10 लोगों के चालान किया है। संवाद
कोट
नगर को स्वच्छ रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड के घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए योजना बनाई जा रही है। नगर की गलियों में कैमरे लगाकर खुले में कूड़ा डालने वालों की निगरानी भी जाएगी। - राजदेव जायसी, ईओ नगर पालिका पिथौरागढ़।
धारचूला को कूड़ामुक्त बनाने को बांटे गए 9,500 कूड़ादान
धारचूला (पिथौरागढ़)। शहरी विकास निदेशालय देहरादून की ओर से सीमांत तहसील धारचूला को कूड़ामुक्त बनाने और स्वच्छता के निर्देश दिए गए है। इसके तहत नगर पालिका की ओर से अभी तक 9,500 कूड़ेदानों का वितरण कर दिया गया है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी पीएस बोरा ने बताया कि कैलाश और आदि कैलाश यात्रा का पहला पड़ाव धारचूला है। यहां पर्यटक और धार्मिक यात्री काफी संख्या में आते हैं। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए नागरिकों, व्यवसायी, स्कूल प्रबंध, शासकीय और अशासकीय कार्यालयों में कूड़ेदान उपलब्ध कराए गए हैं।
लोगों से अनुरोध किया गया है कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग कूड़ेदानों में रखें। ईओ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कूड़े को सड़क, गलियों में फेंकते पाया गया तो सीसीटीवी के जरिये साक्ष्य प्राप्त कर चालान की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने लोगों से कूड़ामुक्त नगर बनाने में सहयोग की अपील की है। संवाद