डीडीहाट के घनधूरा के जंगलों में लगी आग। संवाद
डीडीहाट (पिथोरागढ़)। अस्कोट रेंज के घनधूरा के जंगल में लगी आग से जंगली जानवर मुश्किल में हैं। शिकारियों ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में आग लगा दी है। वन विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए और शिकारियों की धरपकड़ के लिए टीम को मौके पर भेज दिया है।
डीडीहाट तहसील के कस्तूरी मृग वन्य विहार क्षेत्र में हर साल शिकारी अवैध शिकार करने के लिए सर्दियों में घनधूरा के जंगलों में आग लगा देते हैं। ठंड बढ़ने की वजह से जंगली जानवर जंगलों के बीच ही रहते हैं। उच्च क्षेत्र में आग लगने से सभी जंगली जानवर जंगल के निचलेे हिस्सों में आते हैं और पहले से घात लगाकर बैठे शिकारियों के आसान शिकार हो जाते हैं। वन विभाग ने घनधूरा के जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए टीम भेजी है। रेंजर बीएस अल्मिया ने बताया कि शिकार करने वाले शिकारियों की धरपकड़ के लिए वन विभाग की टीम को चौकसी के निर्देश दिए हैं।