पातो गांव में मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
इस तहसील के दूरस्थ पातो गांव के लोगों ने रविवार को मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री 4 मई 2015 को पातो गांव के दौरे पर गए थे। तब उन्होंने आश्वासन दिया था कि पातो तक सड़क का निर्माण होगा, बर्फबारी से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा दिया जाएगा, गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी, पातो से रालम तक पैदल रास्ता बनाया जाएगा। गांव के लोगों का कहना है कि अब तक इनमें से एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई है।
लोगों ने कहा कि वर्षों से संकट झेलने के बाद मुख्यमंत्री के दौरे से उम्मीद जगी थी कि शायद समस्या हल होगी, लेकिन यह उम्मीद भी पूरी नहीं हुई। प्रदर्शन के समय मौजूद भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में विकास कुछ नहीं हुआ। सिर्फ भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस बार इसी स्थिति के चलते मुख्यमंत्री धारचूला सीट से चुनाव लड़ने का साहस नहीं कर पा रहे हैं। प्रदर्शन में पातो निवासी मनोहर दरियाल, राम सिंह गनघरिया, हरीश दरियाल, नरेंद्र ढकरियाल, लक्ष्मण ज्येष्ठा, बादल सिंह बोनाल, जगत सिंह दरियाल समेत गांव की कई महिलाएं भी शामिल थीं।