जिला अस्पताल में सेंट्रल आक्सीजन पाइप लाइन
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछा दी गई है। अब इमरजेंसी कक्ष और ओटी में बिछाई गई पाइप लाइन से ही मरीजों को ऑक्सीजन मिलेगी। इस लाइन के बिछने से आपातकाल में मरीज को ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
अब तक जिला अस्पताल में आपातकाल में लाए गए किसी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत होने पर सिलिंडर लगाने पड़ते थे। कई बार सिलिंडर के लिए ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों के तीमारदारों को इधर-उधर भटकना पड़ता था, लेकिन अब इमरजेंसी में ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए यह स्थिति पैदा नहीं होगी। जिला अस्पताल में इमरजेंसी कक्ष के पांच बेड में, जबकि ऑपरेशन थिएटर के तीन बेडों में सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके तहत इन कक्षों के बाहर ऑक्सीजन का एक बड़ा सिलेंडर लगाया गया है। इस सिलिंडर से इमरजेंसी कक्ष तक पाइप लाइन बिछाई गई है। जहां पर मरीजों के लिए हर बेड के पास दीवार पर छोटा सा संयंत्र और ऑक्सीजन मॉस्क लगाए गए हैं। किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत होने पर तत्काल ऑक्सीजन मिल जाएगी। इसका ऑपरेटिंग सिस्टम भी आसान है। इस सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन के बिछने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाई गई है। इससे आपात स्थिति में काफी मदद मिल रही है।
-डॉ.एचएस खड़ायत, पीएमएस, जिला अस्पताल