पिथौरागढ़। जिला अस्पताल से पांच विशेषज्ञ की ड्यूटी स्वास्थ्य शिविर में रहने से मंगलवार को भी अस्पताल में मरीज परेशान रहे। लोगों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा। झूलाघाट में लगे स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन भी बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र सर्जन, ईएनटी सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी इसमें रहे। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ की पिछले आठ दिनों से लगातार शिविर में ड्यूटी लगने से बच्चों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। एक ही विशेषज्ञ पर ओपीडी और ऑपरेशन की जिम्मेदारी सौंप दी गई। विशेषज्ञ को आपात स्थिति में मजबूरन ओपीडी बंद कर ऑपरेशन करना पड़ रहा है। ऐसे में मरीजों को इलाज पाने में घंटों लग रहे हैं। पीएमएस डॉ.डीपी सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की ड्यूटी स्वास्थ्य शिविर में 24 जुलाई तक लगाई जाएगी। जिला अस्पताल में तैनात अन्य विशेषज्ञ मरीजों का इलाज कर रहे है।