बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। श्रद्धालु और पर्यटकों के लिए विश्व प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर की गुफा खोल दी गई है। गुफा के द्वार खोलने से पूर्व मंदिर कमेटी की ओर से गुफा में पूजा-अर्चना की गई।
दरअसल, मानसूनकाल में गुफा में ऑक्सीजन की कमी और फिसलन बढ़ गई थी। ऑक्सीजन की कमी से कई पर्यटकों का स्वास्थ्य बिगड़ गया था। ऐसे में पुरातत्व विभाग ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बीते 11 अगस्त से 10 अक्तूबर तक गुफा में प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
पुरातत्व विभाग के मुताबिक, बरसात के समय पाताल भुवनेश्वर की गुफा में ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाता है। करीब दो महीने बाद शनिवार को गुफा के द्वार खुलने पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नीलम सिंह भंडारी के नेतृत्व में पूजा-अर्चना की गई। अब पर्यटक और श्रद्धालु गुफा के दर्शन के लिए यहां आ सकेंगे। इससे यहां का पर्यटन फिर से रफ्तार पकड़ेगा। इस दौरान सचिव जगत सिंह रावल, कोषाध्यक्ष केदार सिंह, लिपिक ललित रावल, शेर सिंह भंडारी, भगवान सिंह भंडारी, इंद्र सिंह, भोपाल रावल, ग्राम प्रधान दीपा भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र रावल आदि शामिल रहे।
हर वर्ष पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु व पर्यटक करते हैं गुफा के दर्शन
वर्ष 2024 से प्रवेश प्रतिबंधित होने की तिथि तक देश के विभिन्न हिस्सों से 1.17 लाख श्रद्धालु जबकि 117 विदेशी पर्यटक पाताल भुवनेश्वर गुफा के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर कमेटी अध्यक्ष नीलम सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ष 2024 में 66,738 भारतीयों और 51 विदेशी पर्यटकों ने गुफा के दर्शन किए। वहीं, इस वर्ष एक जनवरी से 31 जुलाई तक 51, 838 भारतीय और 65 विदेशी नागरिक पाताल भुवनेश्वर आ चुके हैं।
कोट
पाताल भुवनेश्वर की गुफा खुलने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों में उत्साह है। आने वाले दिनों में यहां लोगों को अच्छे व्यवसाय की उम्मीद है। - दीपक गुरों, होटल व्यवसायी, पाताल भुवनेश्वर
पाताल भुवनेश्वर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के चलते चौकोड़ी, बेड़ीनाग और गंगोलीहाट के पर्यटन व्यवसाय पर भी असर पड़ता है। अब कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। - रमेश पांडे, होटल व्यवसायी, चौकोड़ी
पाताल भुवनेश्वर की गुफा खुलने से कुमाऊं मंडल विकास निगम के चौकोड़ी, गंगोलीहाट और पाताल भुवनेश्वर के आवास गृह में अच्छी बुकिंग होने की उम्मीद है। - दीपक पंत, प्रबंधक, पर्यटक आवास गृह, पाताल भुवनेश्वर