पिथौरागढ़। मुनस्यारी में हेलीपैड पर चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास चरस मिली। कंपनी ने यात्री को हेलीकॉप्टर में बैठाने से मना कर उसका टिकट कैंसिल कर दिया। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पिथौरागढ़ से हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर मुनस्यारी पहुंचा। यहां से यात्रियों को हल्द्वानी ले जाना था। इसी बीच एक यात्री नशे की हालत में हेलीपैड पहुंचा। जब उसकी जांच हुई तो उसके पास चरस के टुकड़े मिले। कंपनी कर्मियों ने ऐसे में उसे हेलीकॉप्टर में बैठाने से मना कर दिया। उसका टिकट वहीं पर कैंसिल किया गया। उसे हेलीपैड पर छोड़कर हेलीकॉप्टर अन्य यात्रियों को लेकर रवाना हुआ। कंपनी ने इसकी सूचना यूकाडा को दी। यूकाडा की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित यात्री का चालान किया। यूकाडा के प्रभारी राम सिंह खड़ायत ने कहा कि यात्री के पास चरस मिली थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं विमान संचालन कंपनी हेरिटेज एविएशन के प्रबंधक मनीष भंडारी ने कहा कि कंपनी और सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि नशे की हालत में किसी भी यात्री को हेलीकॉप्टर में नहीं बैठाया जाएगा। इसी के तहत यह फैसला लिया गया।