उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सचिव शंकर सिंह और उनके साथी पायलट विजय सोनी ने शुक्रवार को खलियाटॉप से बलाती फार्म तक चार किलोमीटर की पैराग्लाइडिंग की। इन दोनों ने मुनस्यारी के पास आकाश में चक्कर लगाए। इससे पहले हिमाचल के पवन कुमार ने भी यहां पर ट्रायल उड़ान भरी थी।
शंकर सिंह ने बताया कि खलियाटॉप में तो अक्सर पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया जाता है। इस मौसम में पैराग्लाइडिंग की क्या संभावना हो सकती है इसे जानने के लिए यह ट्रायल किया गया। उन्होंने बताया कि होली के बाद मुनस्यारी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है। इस कारण टेंडम प्लाइट के लिए मौसम बेहद अनुकूल है। टेंडम ग्लाइडर में पायलट के साथ एक पर्यटक भी बैठता है। नैनीताल के नौकुचियाताल में इस तरह का ट्रेंड विकसित हो चुका है। शंकर सिंह ने बताया कि मुनस्यारी में पैराग्लाइडिंग की प्रतियोगिता या फिर अन्य इवेंट कराने लायक संभावना तो नहीं है, लेकिन पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इसका बेहतरीन उपयोग हो सकता है।
उन्होंने बताया कि मुनस्यारी में इन दिनों हवा का प्रेशर ज्यादा नहीं रहता। पर्यटकों को खलियाटॉप, बेटुलीधार से बलाती और मुनस्यारी तक घुमाया जा सकता है। इसमें मात्र 14 मिनट का समय लगता है, यदि कोई पायलट पर्यटकों के लिए इस सुविधा को शुरू करे तो वह अच्छी आमदनी कर सकता है। शंकर सिंह के साथ गोपाल सुरेंद्रन भी पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने आसमान में उड़ते पैराग्लाइडर का खूब आनंद उठाया।