अफ्रीका में तालाब में डूबा प्रदीप कार्की
- फोटो : अमर उजाला
पांखू के पास चौसाला गांव के एक युवक की दक्षिण अफ्रीका में नहाते समय तालाब में डूबने से मौत हो गई है। परिजनों को घटना की सूचना मिल गई है। अब परिजन युवक का शव लाने के लिए परेशान हैं।
चौसाला गांव निवासी शेर सिंह कार्की का 27 वर्षीय बेटा प्रदीप कार्की एक वर्ष पहले दक्षिण अफ्रीका के ला रिलेक्स होटल में सैफ के तौर पर काम करने गया था। उससे पहले उसने पांच वर्ष तक गुजरात के एक होटल में काम किया। दक्षिण अफ्रीका से ला रिलेक्स होटल के मालिक मिंटू दास ने प्रदीप के परिजनों को फोन पर सूचना दी है कि प्रदीप की 29 अप्रैल को नहाते समय एक तालाब में डूबने से मौत हो गई है। 29 अप्रैल को प्रदीप छुट्टी पर था और अपने कुछ दोस्तों के साथ कुछ दूरी पर स्थित तालाब में नहाने गया था।
चौसाला निवासी प्रवीण रावत ने बताया कि प्रदीप ने 2009 में जीआईसी पांखू से इंटर की परीक्षा पास की। उसके बाद वह नौकरी की तलाश में इधर-उधर भटका। उसने गुजरात जाकर सैफ का कोर्स किया। 2011 में उसकी होटल में जॉब लग गई। पूरे गांव में इस घटना की जानकारी मिलते ही शोक की लहर है। परिजनों को चिंता है कि प्रदीप का शव कैसे यहां लाया जाए, क्योंकि वह यहां से दक्षिण अफ्रीका जा पाने की स्थिति में नहीं हैं।