गलाती और रमतोली में तेंदुआ दिखने से दहशत
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिले में धारचूला के गलाती और रमतोली गांव में तेंदुए की धमक से ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई है।
गांव के चंदू धामी ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से गलाती और ग्राम रमतोली के चिचिंडा तोक में तेंदुए की आवाजाही देखी गई है। बताया कि तेंदुआ एक गाय को निवाला बना चुका है। रमतोली के तोक चिचिंडा निवासी शेर सिंह धामी ने बताया कि मंगलवार शाम सात बजे तेंदुए के गुर्राने की आवाज से ग्रामीण डर से घरों को भागने को विवश हो गए। बताया कि जिस जगह तेंदुआ दिखाई दिया है, वहां से कुछ दूरी पर ही गांव से हटकर प्राथमिक स्कूल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है। वन दरोगा जेपी सिंह ने बताया कि तेंदुए के गाय को निवाला बनाने की सूचना मिलने पर गलाती में गश्त कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
बता दें कि पिछले दिनों देहात हाट में भी तेंदुए की आवाजाही देखी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ लगातार अपनी जगह बदल रहा है। वन क्षेत्राधिकारी अस्कोट लवराज सिंह पांगती का कहना है कि तेंदुए की आवाजाही की सूचना मिलने पर गांव में टीम को भेज गश्त की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से रात में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने का आह्वान किया है।