गराली में अतिवृष्टि के बाद प्रताप सिंह भंडारी के आंगन में आया मलबा। संवाद
पिथौरागढ़। अतिवृष्टि से डीडीहाट के गराली ग्राम पंचायत में सोयाबीन और धान की खेती को नुकसान पहुंचा है। काश्तकारों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है। काश्तकारों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने राजस्व उप निरीक्षक को सूचना दी है। इसके बाद भी नुकसान के आकलन के लिए अभी तक टीम नहीं पहुंची है।
गराली ग्राम पंचायत के तोक जोगीसेना में अतिवृष्टि से बरसाती नाला उफान पर आने से प्रताप सिंह भंडारी की धान और सोयाबीन की खेती पूरी तरह से नष्ट हो गई है। प्रभावितों का कहना है कि राजस्व उप निरीक्षक को सूचना देने के बाद भी अभी तक नुकसान के आकलन के लिए टीम नहीं पहुंची है। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि से नाले के उफान पर आने से उनका घर भी खतरे की जद में आ गया है। साथ ही पैदल रास्ते बह गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
कार्यदायी संस्था ने नहीं सुनी तो सड़क खोलने में खुद ही जुट गए ग्रामीण
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट से पमस्यारी जाने वाली सड़क ठंडी घाटी के पास भारी मलबा आने से बंद है। कार्यदायी संस्था ने जब ध्यान नहीं दिया तो सड़क को ग्रामीणों ने खुद खोलना शुरू कर दिया है।
डीडीहाट से पमस्यारी आठ किमी सड़क में ठंडी घाटी नामक स्थान पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। लगातार हो रही बारिश से मलबा गिरने के कारण सड़क बंद हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार पुल बना रही कंपनी से सड़क खोलने की मांग की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीण रविंद्र बोरा ने कहा कि गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल खुलने वाले हैं। सड़क पर वाहनों से आवागमन करना काफी खतरनाक हो रहा है। ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था से शीघ्र सड़क को खोलने की मांग की है। एसडीएम बीएस फोनिया ने एनपीसीसी मुनस्यारी को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए। संवाद
डीडीहाट में हुई सर्वाधिक 64.10 एमएम बारिश
पिथौरागढ़। बृहस्पतिवार की रात जिले भर में बारिश हुई। डीडीहाट में सर्वाधिक 64.10 मिमी बारिश हुई। धारचूला में 37.20 और गंगोलीहाट में 32.20 मिमी बारिश हुई है। इसी तरह मुनस्यारी में 12.40 और बेड़ीनाग में 7.10 मिमी बारिश हुई। संवाद
बारिश से एक सड़क बंद
पिथौरागढ़। जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर मलबा आ रहा है। भारी बारिश से छिरकिला-जम्कू सड़क कुछ स्थानों पर बह गई है। लोग पैदल आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन ने सड़क हादसों के बाद मसूरीकांठा-होकरा सड़क को यातायात के लिए बंद किया है। संवाद