धारचूला में एडीएम को ज्ञापन सौंपते हिंदू युवा वाहिनी के लोग।
- फोटो : AMAR UJALA
अश्लील क्लीपिंग का मामला उजागर होने के बाद तमाम संगठनों के लोगों ने धारचूला में रह रहे बाहरी लोगों का सत्यापन करने की मांग मुखर की है।
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि चीन और नेपाल की सीमा में बसे धारचूला में रह रहे बाहरी लोगों का सत्यापन कराना बहुत ही आवश्यक हो गया है। कहा है कि धारचूला में बाहरी क्षेत्रों से व्यापार आदि के बहाने आकर गलत गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। कहा है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को बगैर सत्यापन के धारचूला में काम करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में वाहिनी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह धामी, उपाध्यक्ष गोविंद सिंह, जिला मंत्री किरण चंद, ब्लॉक अध्यक्ष जय सिंह, तहसील अध्यक्ष गमन सिंह बिष्ट, महामंत्री प्रेम सिंह आदि शामिल थे।
उधर, हिंदू जागरण मंच ने बलुवाकोट के तल्लागांव में सभा कर कहा कि पुलिस, प्रशासन की ढिलाई के कारण धारचूला जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकता से कार्रवाई की जानी चाहिए। सभा को मंच के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चनौतिया, प्रदेश संगठन मंत्री भगवान सिंह कार्की, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश धामी ने संबोधित किया।
-
कांग्रेस अल्पसंख्यक कमेटी ने की कड़ी निंदा
धारचूला। कांग्रेस अल्पसंख्यक कमेटी के पदाधिकारियों ने धारचूला की घटना की कड़ी निंदा की है। कमेटी के प्रदेश सचिव नदीन परवेज, ब्लॉक अध्यक्ष सज्जाद अहमद, सीमांत मुस्लिम कमेटी के अध्यक्ष दिलशाद अहमद ने कहा कि इस तरह के कृत्य को किसी भी दशा में सहन नहीं किया जा सकता है। वह लोग धारचूला के लोगों के साथ हैं। बाहरी लोगों के सत्यापन में पूरा साथ दिया जाएगा।