मुनस्यारी में प्रधानमंत्री का पुतला दहन करते पंचायत प्रतिनिधि। स्रोत: स्वयं
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। प्रधानमंत्री के लोकार्पण के दो वर्ष बाद भी सुरिंगगाड जल विद्युत परियोजना शुरू नहीं होने से आक्रोशित पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने चेतावनी दी कि परियोजना तत्काल शुरू नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधि शनिवार को शास्त्री चौक पर एकत्र हुए और पुतला फूंका। क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर सिंह कोरंगा ने बताया कि 30 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का लोकार्पण किया था। कहा कि दो वर्ष बीतने के बाद भी परियोजना अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
कहा कि यदि जिम्मेदार विभाग ने प्रधानमंत्री को झूठी सूचना दी है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया ने कहा कि सुरिंगगाड़ जल विद्युत परियोजना शुरू होने के बाद आसपास के ग्रामीणों को इससे बिजली की आपूर्ति की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ठंड में लगातार विद्युत कटौती के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह बृजवाल, केदार वर्मा, कैलाश सुमत्याल, प्रधान नवीन राम, कृष्णा सिंह सायना, महेश रावत, शंकर सिंह धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।