धारचूला (पिथौरागढ़)। आम आदमी पार्टी (आप) पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए धारचूला विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के संगठन मंत्री गोविंद राम आर्या ने 156 सदस्यों के साथ पार्टी छोड़ दी है।
आप के उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया को भेजे पत्र में गोविंद राम आर्या ने कहा कि वे अन्ना आंदोलन के दौर से अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़े और तब से आम आदमी पार्टी के ईमानदार सिपाही के रूप में कार्य किया है। दिल्ली में 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के लिए काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई महीनों से पार्टी में भाजपा से निष्कासित लोगों को अधिक तवज्जो दी जा रही है। प्रत्याशी तय करने के लिए उनकी राय तक नहीं ली गई। गोविंद राम का कहना है कि उनके अलावा समर्थकों की अनदेखी की सूचना देने के बाद भी कोई दिलचस्पी नहीं ली गई। इसके चलते वह 156 समर्थकों के साथ पार्टी के पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।