पिथौरागढ़। बिण बीईओ पर निर्देशों के खिलाफ प्रभार देने से विभाग ने नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र निदेशालय में उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश जारी जारी किए हैं। बृहस्पतिवार को उत्तरांचल कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी सीईओ हरक राम कोहली से मिले। उन्होंने कहा कि बिण बीईओ गणेश सिंह ज्याला को निदेशालय संबद्ध करने के आदेश जारी हुए हैं। बीते 12 नवंबर को शासन ने बीईओ को मूनाकोट के खंड शिक्षा अधिकारी को प्रभार देकर निदेशालय में उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश दिया था।
इस आदेश की अनदेखी कर संबंधित बीईओ ने देवसिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को प्रभार दे दिया। प्रभार देने के बाद भी उन्होंने निदेशालय में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है जो सरकारी आदेशों की अवहेलना है। मामले में सीईओ हरक राम कोहली ने इसे कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन बताते हुए बीईओ को शीघ्र मूनाकोट के खंड शिक्षा अधिकारी को प्रभार देकर निदेशालय में उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश जारी किए हैं।
सीईओ ने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो संबंधित बीईओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। दरअसल, बिण बीईओ पर महिला कार्मिकों से अभद्रता और गलत आचरण का आरोप लगाते हुए विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने बीते दिनों आंदोलन किया था। तब शासन ने संबंधित बीईओ के खिलाफ जांच कर इन्हें निदेशालय संबद्ध करने का आदेश जारी किया था।