लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में मास्टर प्लान का विरोध हो रहा है हालांकि नगर पालिका में अभी तक कोई लिखित आपत्ति दर्ज नहीं हुई है।
नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि लोहाघाट नगर व समीप के कलीगांव, कोलीढेक, पाटन-पाटनी, सुंई पऊ क्षेत्र मास्टर प्लान में शामिल किए जा रहे हैं। प्रशासन ने 31 जुलाई तक आपत्तियां मांगी थीं।
डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में पूर्व में इस पर एक बैठक हुई थी। बुधवार शाम पालिका सभागार में हुई बैठक हंगामेदार रही।
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने नजूल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नियम लोगों की भावनाओं के आधार पर बनने चाहिए। वर्मा के अनुसार, मास्टर प्लान पूरे क्षेत्र के विकास के लिए है। उन्होंने आपत्ति की तिथि बढ़ाने और इसे प्राधिकरण के दायरे से बाहर रखने की मांग की।
नागरिक हितों का रखा जाएगा पूरा ध्यान : बगौली
लोहाघाट। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सलाहकार सुभाष बगौली ने मास्टर प्लान-2041 को लेकर नागरिकों की चिंताओं को दूर किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना से किसी को कोई क्षति नहीं होगी और सभी के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
बगौली ने बताया कि मास्टर प्लान पर आपत्तियां और सुझाव देने की अंतिम तिथि जल्द ही बढ़ाई जाएगी। इससे अधिक लोग अपनी राय दे सकेंगे। नगर क्षेत्र और चिह्नित ग्राम पंचायतों में शीघ्र बैठकें होंगी, जहां योजना की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के प्रति संवेदनशील है।
जनता से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार होगा, जिससे विकास के साथ नागरिकों के अधिकार भी सुरक्षित रहें। बगौली ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन की बैठकों में भाग लेकर सुझाव देने की अपील की।