बिल्दे टुनकांडे के ग्रामीणों ने पुलहिंडोला में निर्माणाधीन मिनी ट्यूबवेल के सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट को चयनित स्थान से दूसरी जगह पर लगाने पर आक्रोश जताया है। ग्रामीणों को पेयजल के लिए एक किमी दूर नौलों, गधेरों से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने पूर्व में चयनित स्थान पर स्टैंड पोस्ट लगाने की मांग को लेकर हाथों में खाली बर्तन लेकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीण नवीन जोशी, देवकीनंदन जोशी, हरीश जोशी, डूंगरदेव जोशी, मोहन जोशी, खीमा देवी, दीपा देवी, मंजू देवी, उमा, ललिता, जानकी आदि का कहना है कि पूर्व में पुलहिंडोला में निर्माणाधीन मिनी ट्यूबवेल में बिल्दे टमटकांडे के पंचायत घर के पास स्टैंड पोस्ट प्रस्तावित किया गया था। उक्त स्टैंड पोस्ट के चालू होने से यहां के करीब 16 परिवारों के लिए जलापूर्ति होती। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कर्मचारियों ने मिलीभगत कर एक व्यक्ति के यहां स्यूरा तोक में स्टैंड पोस्ट लगा दिया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर स्टैंड पोस्ट लगाया गया है, वहां पूर्व में एक पेयजल योजना बनी है। जहां कुछ सीमित लोग ही उस योजना का लाभ ले रहे हैं। ग्रामीणों ने चेताया यदि पूर्व में चयनित स्थान पर स्टैंड पोस्ट नहीं लगाया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।