आइसोलेशन में बदला गया पुराना अस्पताल
- फोटो : AMAR UJALA
गंगोलीहाट(पिथौरागढ़)। कोरोना संकट को देखते हुए 2009 से बंद पड़े पुराने हॉस्पिटल भवन को प्रशासन, हॉस्पिटल डिपार्टमेंट, नगर पंचायत एवं हिमालयन ग्राम विकास समिति के सहयोग से साफ कर उसे आइसोलेशन वार्ड में बदल दिया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट डा.सौरभ गहरवार ने बताया कि पुराने हॉस्पिटल की सफाई करने में हिमालय ग्राम विकास समिति ने दो शौचालयों का निर्माण स्वयं कराया है। हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने दो सोख्ता शौचालयों का निर्माण अपने कर्मचारियों के सहयोग से किया है। हॉस्पिटल के चारों ओर की बाउंड्री बनाने के लिए शर्मा वर्कशॉप ने सहयोग दिया है। नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों एवं होमगार्डों ने पूरे पुराने हॉस्पिटल की सफाई की। हॉस्पिटल के फार्मेसिस्ट जितेंद्र अधिकारी की देखरेख में 12 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि इन सभी को स्थापित करने में पूरा जन सहयोग लिया गया है। लोग अपनी अपनी ओर से निशुल्क मदद कर रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष जयश्री पाठक ने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया एवं हॉस्पिटल स्टाफ को हर संभव सहयोग देने भरोसा दिलाया है। संवाद