धारचूला (पिथौरागढ़) राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में लिंगदोह समिति के नियमों के अनुसार छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इससे पूर्व निर्वाचन समिति के डॉ. राहुल तिवारी व डॉ. भगवत जोशी के साथ छात्र-छात्राओं की बैठक हुई, जिसमें पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, लोकेश भट्ट, अमीषा, यशोदा, गौरव आदि विद्यार्थी शामिल हुए। अधिसूचना जारी करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. अतुल चंद ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक होगी।
नामांकन 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपह दो बजे तक होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 24 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक और उसी दिन नाम वापसी तीन बजे तक होगी। वैध नामांकन की घोषणा शाम चार बजे के बाद होगी। मतदान 27 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना और फिर परिणाम की घोषणा की जाएगी। संवाद
बेड़ीनाग महाविद्यालय में 27 को होंगे चुनाव
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेड़ीनाग में प्राचार्य प्रो बीएम पांडेय की अध्यक्षता में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनाव समिति और संभावित प्रत्याशियों की बैठक आयोजित की गई।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय चुनाव आयोजन समिति के दिशा-निर्देशों के अनुसार 27 सितंबर को चुनाव कराने का निर्णय लेते हुए अधिसूचना जारी की गई। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू होगी। प्रत्याशियों की नाम वापसी, नामांकन प्रपत्रों की जांच और वैध प्रत्याशियों की घोषणा 25 सितंबर को होगी।
सामान्य सभा 26 को और 27 सितंबर को मतदान, मतगणना, चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा। प्राचार्य प्रो. पांडेय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव शुचिता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराए जाएंगे। बैठक में चुनाव प्रभारी डॉ. प्रदीप दुर्गापाल आदि थे। संवाद