आठ नवंबर को हुई नोटबंदी के बाद लगभग चौपट हो चुके पर्यटन व्यवसाय की खामोशी को बदले मौसम ने तोड़ने का काम किया है। थर्टी फर्स्ट के लिए मुनस्यारी और चौकोड़ी में पर्यटकों की अच्छी खासी एडवांस बुकिंग आ गई है। अलबत्ता पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, थल में पर्यटकों की संख्या में पिछले साल की तुलना में 40 फीसदी तक की गिरावट रहेगी। कुमाऊं मंडल विकास निगम अपने पर्यटक आवासगृहों की ऑनलाइन बुकिंग कराता है। पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह में अब तक पश्चिम बंगाल और गुजरात के पर्यटकों की एडवांस बुकिंग आ गई है, लेकिन पिछले साल की तुलना में यह बुकिंग 40 फीसदी कम है।
पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि नोटबंदी के बाद लंबे समय तक पर्यटकों की आवाजाही बहुत कम हो गई थी। अब थर्टी फर्स्ट के लिए इसमें सुधार आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि थर्टी फर्स्ट मनाने वाले पर्यटक 29 दिसंबर से यहां पहुंचने शुरू हो जाएंगे। पर्यटकों के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं। मुनस्यारी में इस बार समय से पहले हुए हिमपात के कारण थर्टी फर्स्ट पर पर्यटकों की संख्या बढ़ जाएगी। मुनस्यारी स्थित केएमवीएन का पर्यटक आवासगृह अभी से पैक हो गया है। होटलों में भी बुकिंग आने लगी है। चौकोड़ी में सोमवार तक 90 प्रतिशत कमरों की एडवांस बुकिंग आ गई थी। चौकोड़ी में कई होटल भी हैं। इनको भी एडवांस बुकिंग मिल गई है।
होटल व्यवसायियों का कहना है कि पहाड़ पर पर्यटक ठीक दिवाली के बाद लौट जाते हैं। उसके बाद 25 दिसंबर के बाद उनकी गतिविधियां शुरू होती हैं। नए साल के स्वागत के लिए मुनस्यारी और चौकोड़ी में हर साल अच्छी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस बार भी इन दोनों स्थानों पर पर्यटकों की संख्या में कमी आने वाली नहीं है। मुनस्यारी के खलियाटाप, बेटुलीधार, नागनीधूरा, नया बस्ती में अभी बर्फ जमा है। यदि थर्टी फर्स्ट तक दोबारा हिमपात नहीं होता तो भी पर्यटकों को इन स्थानों पर ताजा बर्फ के दर्शन हो जाएंगे।