झूलाघाट के तालेश्वर में सड़क के इस हिस्से में नहीं किया गया डामर
- फोटो : अमर उजाला
तालेश्वर के पास जौलजीबी-टनकपुर सड़क के 50 मीटर हिस्से पर डामरीकरण नहीं किया गया है। यही नहीं सड़क पर कॉजवे और दीवारें तक नहीं बनी हैं, जबकि सड़क को इसी माह पूरा करने का लक्ष्य है।
महाकाली नदी के किनारे बन रही सामरिक महत्व की टनकपुर-जौलजीबी सड़क का सवा पांच किमी हिस्सा तालेश्वर से झूलाघाट तक बनना है। इस हिस्से को मई में ही पूरा होना है, लेकिन सड़क पर कई जगहों पर नाली, कॉजवे और दीवारों का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क के 50 मीटर के हिस्से को छोड़कर शेष भाग में डामर कर दिया गया है। जहां पर डामर हुआ है, वहां भी 4 इंच के स्थान 2 इंच ही डामर हुआ है।
सड़क का काम कर रही गाजियाबाद की अनुपम कंस्ट्रक्शन ने कई काम अन्य ठेकेदारों को दे रखे हैं। सड़क पर दीवारों के निर्माण के लिए पहाड़ में विस्फोट करके पत्थर निकाले जा रहे हैं। सड़क के बनने से तालेश्वर धाम के साथ ही एसएसबी को सीमा की निगरानी में भी आसानी होगी। अनुपम कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश चौधरी भी मानते हैं कि दीवारों के लिए पत्थर निकालने का काम अन्य ठेकेदार को दिया गया है।
सड़क पर जहां भी काम छूटा है, निरीक्षण कर काम कराया जाएगा। काम पूरा न होने तक ठेकेदार का बकाया भुगतान नहीं होगा।
-अरुण पांडे, अधिशासी अभियंता, विश्व बैंक डिवीजन अस्कोट