लोहाघाट (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़ जिले के वड्डा निवासी 39 वर्षीय युवक जनेश खर्कवाल की तलाश में बाराकोट ब्लॉक के घाट-सरयू नदी में मंगलवार को दूसरे दिन भी सर्च अभियान जारी रहा।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी किनारे करीब आठ किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। चौकी प्रभारी विपुल जोशी के नेतृत्व में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रामेश्वर बौतड़ी से सरयू नदी किनारे होते हुए नेत्रसलान तक सर्च अभियान चलाया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी अत्यधिक मटमैला होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है।
सर्च अभियान में प्रकाश कठैत, गौरव दुर्गापाल, गगन समेत पुलिस और एसडीआरएफ के अन्य जवान शामिल रहे। दोनों जिलों की पुलिस और बचाव दल नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ जिले के वड्डा निवासी जनेश खर्कवाल (39) पुत्र घनानंद खर्कवाल रविवार को घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने पिथौरागढ़ में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को घाट के समीप उनकी स्कूटी और कपड़े मिलने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पिथौरागढ़ और चंपावत जिले की पुलिस ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया।