थल (पिथौरागढ़)। ब्रॉडबैंड सेवा में कमी के कारण थल उप डाकघर का कामकाज पांच मई से ठप है। इसके बावजूद सेवा में सुधार के लिए जरूरी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इससे खाताधारकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
थल उप डाकघर में आठ दिनों से ब्रॉडबैंड सेवा ठप है। इस कारण डाकघर से लेनदेन, नया खाता खोलने, खाता बंद, जमा निकासी के साथ एजेंटों की आरडी जमा होने के काम नहीं हो पा रहे हैं। बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड के कार्ड फुंकने से यह दिक्कत आई है।
उपभोक्ताओं समेत उप डाकघर के कर्मचारी भी परेशान हो चुके हैं। वहीं लेनदेन न होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं की परेशानी भी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। उपभोक्ता रोज डाकघर के चक्कर लगा कर मायूस लौट रहे हैं।
व्यापार मंडल महासचिव गोविंद बल्लभ भट्ट का कहना है कि डाकघर में कामकाज ठप होना चिंता का विषय है। वहीं उप डाकघर के प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने इसकी लिखित सूचना विभागीय उच्च अधिकारियों को दे दी है।
पिथौरागढ़ से भी प्रधान डाकघर देहरादून को सूचना दी जा चुकी है लेकिन इसका कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। डाक विभाग के डीईटी सत्यनारायण रावत ने बताया कि वज्रपात से बेड़ीनाग और अल्मोड़ा के बीच की सेवा में लगी मशीन का कार्ड फुंकने से यह समस्या आई है।